Estimated reading time: 5 minutes
Table of contents

भारत में मैंगनीज का उत्पादन एवं वितरण (Production and Distribution of Manganese in India): परिचय
मैंगनीज एक प्रकार की धातु है, जिसका रंग काला होता है। यह प्राकृतिक भस्म (Oxide) के रूप में पाई जाती है।वैसे तो मैंगनीज लगभग सभी प्रकार की भूगर्भिक संरचनाओं में पाई जाती है, फिर भी प्रमुख रूप से यह धारवाड़ युग की अवसादी चट्टानों में मिलती है। मैंगनीज का सबसे अधिक प्रयोग लौह-अयस्क को गलाने (Smelting) व लौह-मिश्रधातुओं (Ferrous alloys) को बनाने में किया जाता है।
एक टन इस्पात बनाने के लिए 10 कि०ग्रा० मैंगनीज की आवश्यकता होती है। इसके अलावा मैंगनीज का प्रयोग रासायनिक उद्योग में; जैसे ब्लीचिंग पाउडर, कीटाणुनाशक दवाइयाँ, रंग-रोगन, शुष्क बैटरियाँ तथा चीनी मिट्टी के बर्तन बनाने के काम में किया जाता है। इसी बहु-आयामी गुण के कारण इस धातु को Jack Mineral भी कहा जाता है।
भारत में मैंगनीज के भंडार (Manganese Reserves in India)
भारत में 1.04.2020 तक मैंगनीज अयस्क का कुल भंडार/संसाधन 503.62 मिलियन टन था (एनएमआई डेटाबेस के अनुसार)। इनमें से 75.04 मिलियन टन आरक्षित वर्ग हैं और 28.58 मिलियन टन को शेष भंडार के रूप में वर्गीकृत किया गया है। गुणवत्ता के दृष्टि से मैंगनीज का 8% भाग फेरोमैंगनीज ग्रेड का , 6% मध्यम ग्रेड का , 29% बीएफ ग्रेड का और शेष 57% मिश्रित, निम्न, अन्य ग्रेड का हैं।
कुल भंडार में ओडिशा 34% हिस्सेदारी के साथ शीर्ष पर है। इसके बाद कर्नाटक (24%), मध्य प्रदेश (12%), महाराष्ट्र (12%), गोवा (7%), आंध्र प्रदेश (6%) और झारखंड (3%) का स्थान आता है। राजस्थान, गुजरात, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल शेष 2% संसाधनों को एक साथ साझा करते हैं।
विश्व में मैंगनीज अयस्क का कुल भंडार लगभग 1500 मिलियन टन है। भंडार की दृष्टि से दक्षिण अफ़्रीका (43%), ब्राज़ील (18%) अग्रणी देश हैं। ऑस्ट्रेलिया में 18%, गैबॉन में 4%, चीन में 4% और भारत में 2% मैंगनीज अयस्क के भंडार हैं।
2020 में मैंगनीज अयस्क का विश्व उत्पादन 49 मिलियन टन था। उत्पादन की दृष्टि से दक्षिण अफ्रीका लगभग 32% के साथ पहले स्थान पर है। इसके बाद गैबॉन (16%), ऑस्ट्रेलिया (10%), चीन (13%), ब्राज़ील (5%), भारत (5%) और घाना (5%) का स्थान आता है।
भारत में मैंगनीज का उत्पादन (Production of Manganese in India)
भारत विश्व का 5 प्रतिशत मैंगनीज उत्पन्न करके छठे स्थान पर आता है। वर्ष 202-212 में भारत ने 28.27 लाख टन मैंगनीज उत्पन्न किया। मैंगनीज के उत्पादन में उतार-चढ़ाव आता रहता है । परन्तु सन् 2001-02 के बाद इसके उत्पादन में निरन्तर वृद्धि की गई। मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र देश का लगभग 60 प्रतिशत मैंगनीज उत्पन्न करते हैं(तालिका 2)।
तालिका 1
वर्ष | उत्पादन ( टन में) |
2018-19 | 28,32,314 |
2019-20 | 29,10,186 |
2020-21 | 27,03,313 |
2021-22(P) | 26,95,991 |
2022-23(P) | 28,27,231 |

मध्य प्रदेश
2020-21 के आंकड़ों के अनुसार मध्य प्रदेश देश का 34.27% मैंगनीज पैदा करके पहले स्थान पर है। यहाँ मैंगनीज की पेटी बालाघाट, छिन्दवाड़ा, निमाड़, मांडला और झाबुआ जिलों पर विस्तृत है। यह पेटी महाराष्ट्र के नागपुर-भंडारा जिलों की मैंगनीज पेटी का ही विस्तार है। बालाघाट की पहाड़ी 10 कि०मी० लम्बी है जिसमें 15 मीटर मोटी मैंगनीज की परत पाई जाती है। छिन्दवाड़ा जिले में सबसे ज्यादा मैंगनीज निकाला जाता है। मध्य प्रदेश के अन्य मैंगनीज उत्पादक जिले बस्तर, सिओनी, देवास, धार तथा जबलपुर हैं।
महाराष्ट्र
महाराष्ट्र देश का लगभग एक-चौथाई (23.98%) मैंगनीज उत्पन्न करके दूसरे स्थान पर है। इस राज्य की मुख्य मैंगनीज उत्पादक पेटी नागपुर तथा भंडारा जिलों में विस्तृत है। इस पेटी में उच्च कोटि का मैंगनीज प्राप्त किया जाता है। रत्नागिरि जिले में निम्नकोटि का मैंगनीज मिलता है।
ओडिशा
ओडिशा देश मैंगनीज उत्पादक राज्यों में तीसरे स्थान पर है, जो भारत का 17.97.% मैंगनीज उत्पन्न करता है। ओडिशा (उड़ीसा) में मैंगनीज की प्रमुख खदानें भारत की लौह-अयस्क पेटी के बीचों-बीच अवस्थित हैं। मैंगनीज की खानें बोनई, केन्दुझर, सुंदरगढ़, संभलपुर, गंगपुर, कोरापुट, थैंकनाल, कालाहाण्डी और बोलंगीर में स्थित हैं।
भारत में मैंगनीज का वितरण, 2020-21

तालिका 2
राज्य | भारत के कुल उत्पादन का% | उत्पादन ( टन में) |
मध्य प्रदेश | 34.27 | 921147 |
महाराष्ट्र | 23.98 | 644484 |
ओडिशा | 17.97 | 483069 |
कर्नाटक | 13.80 | 371046 |
आंध्र प्रदेश | 9.31 | 250255 |
अन्य | 0.67 | 18037 |
भारत | 100.00 | 2688038 |
कर्नाटक
कर्नाटक राज्य 3.71 लाख टन मैंगनीज उत्पन्न करके भारत की 13.80% मैंगनीज पैदा करता है। यहाँ देश के 24% मैंगनीज भण्डार हैं। कर्नाटक में मैंगनीज उत्पादक प्रमुख ज़िले उत्तर कन्नड़, चीतलदुर्ग,शिमोगा, टुमकुर, बेल्लारी, धारवाड़, चिकमंगलूर व बीजापुर आदि हैं। कर्नाटक की अधिकांश खानों का मैंगनीज घटिया होता है।
आंध्र प्रदेश
आंध्र प्रदेश में भारत का 9.30% मैंगनीज उत्पादित किया जाता है। इस राज्य में भारत के 6% मैंगनीज के भण्डार हैं। यहाँ विशाखापट्टनम, श्रीकाकुलम, विजयनगर, कुडप्पा व गंटूर में मैंगनीज निकाला जाता है।
अन्य राज्य – गोआ, गुजरात में पंचमहल व वड़ोदरा, राजस्थान में बांसवाड़ा तथा झारखण्ड में सिंहभूम व धनबाद मैंगनीज के अन्य उत्पादक क्षेत्र हैं।
You May Also Like