Search
Close this search box.

Share

तापमान परिवर्तन तथा उसके व्युत्पन्न रूप

Estimated reading time: 4 minutes

तापमान परिवर्तन न केवल पर्यावरण को प्रभावित करते हैं, बल्कि मानव जीवन और उसकी गतिविधियों पर भी गहरा प्रभाव डालते हैं। पृथ्वी के वायुमंडल में दिन-रात के दौरान तापमान में होने वाले उतार-चढ़ाव से कई आँकड़े जैसे दैनिक अधिकतम, न्यूनतम, औसत तापमान और वार्षिक औसत तापमान प्राप्त किए जाते हैं। इन आँकड़ों का अध्ययन मौसम विज्ञान में अत्यधिक महत्त्वपूर्ण होता है। इस ब्लॉग में हम तापमान परिवर्तन के विभिन्न रूपों और उनके वैज्ञानिक महत्त्व पर चर्चा करेंगे।

तापमान परिवर्तन तथा उसके व्युत्पन्न रूप (Temperature Change and its Derived Forms) 

तापमान में होने वाले परिवर्तन लोगों के जीवन व उनकी गतिविधियों को सर्वाधिक प्रभावित करते हैं। यही वजह है कि वायुमण्डल में होने वाले अनेक परिवर्तनों में केवल तापमान के परिवर्तन की ओर लोग सबसे ज्यादा ध्यान देते हैं। मौसम विज्ञानियों द्वारा एकत्रित किए गए आँकड़ों में सबसे महत्त्वपूर्ण आँकड़े दिन का अधिकतम व न्यूनतम तापमान होते हैं क्योंकि इन्हीं आधारी (Basic) आँकड़ों से अन्य अनेक प्रकार के आँकड़े व्युत्पन्न (Derive) किए जाते हैं। 

दैनिक अधिकतम तापमान (Daily Maximum Temperature)

यदि ध्रुवीय क्षेत्रों को अपवाद मान लिया जाए तो किसी भी स्थान पर दिन के 24 घण्टों में तापमान एक जैसा नहीं रहता; बदलता रहता है। किसी दिए हुए समय पर किसी स्थान के वायुमण्डल का तापमान प्रवेशी सौर विकिरण (insolation) तथा भौमिक विकिरण (terrestrial radiation) के सन्तुलन पर निर्भर करता है। प्रातः सूर्योदय के साथ ही तापमान बढ़ना शुरू हो जाता है और दिन के 2 बजे अधिकतम होता है। 

वैसे किसी भी देशान्तर पर दिन के 12 बजे सूर्य की किरणें ऊर्ध्वाधर (Vertical) अथवा लम्बवत होती हैं; तभी पृथ्वी को अधिकतम सूर्यातप प्राप्त हो रहा होता है, परन्तु वायुमण्डल भौमिक विकिरण (Terrestrial Radiation) से अधिक गर्म होता है और ऐसा होने में उसे लगभग 2 घंटे का समय और लग जाता है। इसे तापमान की शिथिलता (Lag of Temperature) कहा जाता है। इस प्रकार दिन का उच्चतम तापमान दोपहर के बाद 2 बजे होता है। इसलिए कहा जाता है कि ‘Afternoons are always hotter than noon’s’ प्रातः से दोपहर तक तापमान इसलिए बढ़ता है कि पृथ्वी इस दौरान ताप ग्रहण तो ज्यादा करती है मगर छोड़ती कम है।

दैनिक न्यूनतम तापमान (Daily Minimum Temperature)

दिन के 2 बजे के बाद तापमान घटना आरम्भ होता है। इसी प्रकार दिन का न्यूनतम तापमान रात 12 बजे नहीं बल्कि प्रातः सूर्योदय से पहले होता है। दोपहर बाद से अगली सुबह तक तापमान इसलिए घटता है कि पृथ्वी द्वारा ‘छोड़ा गया विकिरण’ प्राप्त किए गए विकिरण से अधिक होता है। 

औसत तापमान (Mean Temperature)

दैनिक औसत तापमान (Daily Mean Temperature)

दिन के अधिकतम तथा न्यूनतम तापमान को जोड़कर उसे 2 से भाग देने पर दैनिक औसत तापमान प्राप्त होता है। उदाहरणतः किसी स्थान पर किसी दिन का अधिकतम तापमान 35° सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 25° सेल्सियस है तो वहाँ का दैनिक औसत या मध्यमान तापमान इस प्रकार निकलेगा- 

Daily Mean Temp. = Daily Max. Temp. + Daily Min. Temp. / 2 

= 35+25 / 2 = 60 / 2 = 30° सेल्सियस

मासिक औसत तापमान (Monthly Mean Temperature)

इसकी गणना किसी महीने के कुल दिनों के दैनिक औसत तापमानों को जोड़कर उसे उस महीने के दिनों की संख्या से भाग देकर की जाती है। 

सूत्र- 

औसत मासिक तापमान = महीने के कुल दिनों के दैनिक औसत तापमानों का जोड़ / महीने के दिन 

वार्षिक औसत तापमान (Annual Mean Temperature)

इसकी गणना वर्ष के सभी 12 महीनों के मासिक औसत तापमानों का जोड़ करके उसे 12 से भाग देकर की जाती है। 

सूत्र

वार्षिक औसत तापमान = वर्ष के 12 महीनों के मासिक औसत तापमानों का जोड़ / 12 

किसी स्थान का मध्यमान या सामान्य तापमान (Mean or Normal Temperature of a Place)

यदि किसी स्थान का सामान्य तापमान ज्ञात करना हो तो उस स्थान के लगातार 35 वर्षों के वार्षिक औसत तापमानों को जोड़कर उसे 35 से भाग दे दिया जाता है।

You Might Also Like

One Response

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Category

Realated Articles